रायपुर , जुलाई 18 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में कथित रूप से हुई अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में शनिवार से रायपुर में जन अभियान की शुरुआत की।

अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर आवेदन पत्र वितरित किए और उपभोक्ताओं से उन्हें भरकर बिजली विभाग में जमा करने की अपील की।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने से बरसात के बीच अभियान की शुरुआत हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में नागरिकों के बीच पहुंचकर स्मार्ट मीटर बदलने तथा बिजली बिलों की जांच कराने संबंधी आवेदन पत्र वितरित किए। पार्टी के अनुसार अभियान को क्षेत्रवासियों का व्यापक समर्थन मिला।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अनेक घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोग स्वयं आवेदन पत्र लेने पहुंचे और अपनी शिकायतें कांग्रेस पदाधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गर्मी के दौरान बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के बाद अब बढ़े हुए बिजली बिलों ने उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा दी है।

श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा, "स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। लगातार लोग कांग्रेस के पास अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।"उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार ढाई साल के कार्यकाल में लगातार पांच बार बिजली दामों में बढ़ोतरी कर स्मार्ट मीटर लगाकर दोगना तिगुना बिल वसूली आम जनता से कर रही है। महतारी वंदन के नाम पर एक हजार देकर बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल, ट्रैफिक चालान, बेतहाशा टैक्स वृद्धि और महंगाई के माध्यम से आम जनों पर आर्थिक बोझ बढ़ाते जनता को लूटते जा रही है। आज के अभियान में महिलाओं ने महतारी वंदन बंद करने की मांग की और कहा कि बदले में उनका पुराना मीटर लगा दिया जाए, ताकि बिना गलत बिलिंग के बिजली बिल का भुगतान कर सके।"श्री मेनन ने आगे कहा, "उत्तरप्रदेश में भी भाजपा की सरकार है और वहां पर आम जनों का गलत बिल और बढ़े बिल पर आम जनता के आक्रोश को देखकर उत्तरप्रदेश सरकार ने जैसे स्मार्ट मीटर पर रोक लगा दिया है वैसे छत्तीसगढ़ में भी बिजली स्मार्ट मीटर पर रोक लगे और पुराना मीटर वापस लगाया जाए। बढ़े बिजली बिल स्मार्ट मीटर द्वारा एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत अवैध वसूली के माध्यम बन गए हैं।"पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया, "भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार मिलकर अडानी के बनाए मीटर के माध्यम से आमजनों की जेब काट रही है और स्मार्ट मीटर को लूट का माध्यम बना रही है।"पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए हैं, जो लोगों की नाराजगी और अभियान को मिले समर्थन का संकेत है।

पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान अब रायपुर शहर के 70 वार्डों तक विस्तारित किया जाएगा और कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाएंगे। वहीं प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बिजली उपभोक्ताओं के हित में कांग्रेस लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक करेगी तथा सभी वार्डों और बिजली कार्यालयों तक अभियान पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाखेनगर बिजली कार्यालय एवं बिल काउंटर के सामने प्रदर्शन भी किया तथा वार्ड में घर-घर जाकर आवेदन पत्र वितरित करने के साथ लोगों को फॉर्म भरने में सहायता की। इस अवसर पर श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रमोद दुबे, विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, आकाश शर्मा, सुशांत डे, बंशी कन्नौजे, सुयश शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, राज देवांगन, विनोद ठाकुर, सुधा सरोज, मुन्ना मिश्रा, देवकुमार साहू, दीपक चौबे, संदीप शर्मा, ऋषि देवांगन, प्रीती सोनी, मुकेश कुकरेजा, वेंकट कुमार, सुरेश जैन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित