धमतरी , अगस्त 07 -- छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बिजली दरों के मुद्दे पर जारी राजनीतिक गतिविधियों के बीच धमतरी में यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में वृद्धि का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ता लालटेन लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से 400 यूनिट तक बिजली माफी की व्यवस्था लागू की थी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे घटाकर 200 यूनिट कर दिया है। नेताओं ने इसे आम उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत बताते हुए सरकार के निर्णय का विरोध किया।
प्रदर्शन को देखते हुए बिजली विभाग कार्यालय के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली दरों का निर्धारण और यूनिट माफी से संबंधित निर्णय शासन स्तर पर लिए जाते हैं तथा विभाग इन नीतिगत फैसलों के क्रियान्वयन की भूमिका में रहता है।
यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के संबंध में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित