बरेली , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष के निर्देश पर सर्किट हाउस सभागार में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्मार्ट मीटर, चेकिंग और बिल संशोधन के नाम पर उपभोक्ताओं के उत्पीड़न को बंद करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्टोर से समय पर सामग्री उपलब्ध न होने और गलत बिलिंग की समस्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटर रीडर घर बैठे बिल बना रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को गलत बिल मिल रहे हैं और बाद में बिल संशोधन के नाम पर उनका शोषण किया जा रहा है।

विधायक संजीव अग्रवाल ने गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति की तैयारियों पर सवाल उठाया। इस पर मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि विभाग ने ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग पर नियंत्रण के लिए योजना बनाई है और गर्मियों में बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मणिनाथ और सुभाष नगर द्वितीय उपकेंद्र की आपूर्ति में सुधार के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों के फोन न उठाने का मुद्दा भी उठा। सांसद छत्रपाल गंगवार ने भोजीपुरा के जेई की शिकायत करते हुए इस पर नाराजगी जताई, जिस पर मुख्य अभियंता ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों ने गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील भी की गई, ताकि विभाग की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

मुख्य अभियंता ने बताया कि शहर में 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 27 उपकेंद्रों को आपस में जोड़ते हुए डबल सर्किट लाइन स्थापित की गई है। बकायेदारों के खिलाफ 128 करोड़ रुपये की आरसी जारी की गई है। ओटीएस योजना का लाभ अब तक केवल 36 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ही लिया है।

मीरगंज क्षेत्र में गलत बिलिंग की अधिक शिकायतों को देखते हुए 5 अप्रैल को विशेष कैंप लगाने की घोषणा की गई। जनप्रतिनिधियों ने बिल संशोधन के नाम पर उत्पीड़न रोकने और नलकूप कनेक्शन के लिए सामग्री समय पर उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक में मेयर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं विभाग की ओर से मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश, अधीक्षण अभियंता, एक्सईएन, एसडीओ और जेई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित