पन्ना , जून 25 -- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए बृजपुर थाना क्षेत्र को आधुनिक डिजिटल सुरक्षा नेटवर्क से सशक्त बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में लगभग 400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में हाईटेक सीसीटीवी कैमरों का सुरक्षा तंत्र स्थापित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र की भौगोलिक और सामरिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती एवं संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन किया गया। जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कुल 57 हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे प्रमुख मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की निगरानी की जा रही है।

स्थापित कैमरों में एचडी लाइव स्ट्रीमिंग, पीटीजेड एवं 16 गुना जूम, नंबर प्लेट पहचान प्रणाली, कलर नाइट विजन, 4जी कनेक्टिविटी, सोलर बैकअप और 30 दिन तक रिकॉर्डिंग की सुविधा उपलब्ध है। नेटवर्क और विद्युत बाधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को निर्बाध संचालन योग्य बनाया गया है।

थाना परिसर में स्थापित आधुनिक कंट्रोल रूम और 60 इंच की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभी कैमरों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इससे अपराधों की रोकथाम, त्वरित अनुसंधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। पुलिस एवं आमजन की सहभागिता से तैयार यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था का एक प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित