कपूरथला , सितंबर 01 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी उपमंडल के गांव सराय जट्टां में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी।

मृतक की पहचान तलवंडी चौधरियां निवासी अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अर्शदीप सिंह कुछ दिन पहले ही स्पेन से पंजाब लौटा था। बताया जा रहा हैकि वह सराय जट्टां स्थित एक घर में मौजूद था, जहां बाद में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर लोधी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत प्राकृतिक कारणों, किसी हादसे या किसी अन्य वजह से हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित