आर्लिंगटन (टेक्सास) , जुलाई 07 -- फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ 16 में स्पेन ने सोमवार रात क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम को 1-0 से हरा दिया। वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में उतरे मिकेल मेरिनो ने 91वें मिनट में नाटकीय गोल दागकर अपनी टीम को क्वार्टरफाइनल में पहुंचाया। मैच की शुरुआत आक्रामक रही और दोनों टीनों ने गोल करने के प्रयास किये, लेकिन वे विफल रहे। दूसरे हॉफ मे कड़ा और तनावपूर्ण मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी स्पेन के दो स्थानापन्न खिलाड़ियों ने मिलकर मैच का एकमात्र गोल दाग दिया। फेरान टोरेस ने मेरिनो को पास दिया और उन्होंने पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा को छकाते हुए निचले शॉट से गोल दाग दिया । इससे पहले, मिकेल ओयार्जाबल ने स्पेन को बढ़त दिलाने का एक शानदार मौका गंवा दिया था, जिसके बाद रोनाल्डो - जिन्होंने मैच से पहले कहा था कि यह उनका आखिरी विश्व कप होगा - के एक प्रयास को उनाई सिमोन ने शानदार तरीके से रोक दिया, और कोस्टा ने एलेक्स बाएना के शॉट को अपनी उंगलियों के सिरे से बचाकर गोल होने से रोक दिया।

हाफ टाइम से पहले साइमन ने रोनाल्डो को एक बार फिर गोल करने से रोका और नूनो मेंडेस के शॉट के डिफ्लेक्ट होने से क्रॉसबार पर गेंद लगी, जिसके बाद दूसरे हाफ में कुछ ही स्पष्ट मौके मिले और मैच का फैसला मेरिनो के शानदार फिनिश से हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित