नयी दिल्ली , जुलाई 23 -- निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने अपने बेड़े में तीन एयरबस ए320 विमान डैम्प लीज पर शामिल करने की घोषणा की है।
वित्तीय संकट से जूझ रही विमान सेवा कंपनी ने गुरुवार को बताया कि तीन अतिरिक्त विमान बेड़े में आने से नेटवर्क विस्तार और बढ़ती यात्री मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी।
डैम्प लीज के तहत विमान के साथ पायलट भी विमान लीज पर देने वाली कंपनी के ही होते हैं। साथ ही विमान के रखरखाव की जिम्मेदारी भी उसी कंपनी की होती है। वहीं केबिन क्रू विमान लीज पर लेने वाली कंपनी के होते हैं।
स्पाइसजेट के अनुसार, तीनों विमान भारत पहुंच चुके हैं और इस सप्ताह के अंत तक उनका व्यावसायिक परिचालन शुरू हो जायेगा। इन अतिरिक्त विमानों से एयरलाइन को अपने नेटवर्क विस्तार की योजनाओं को गति देने और प्रमुख घरेलू मार्गों पर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
एयरलाइंस ने कहा है कि आने वाले महीनों में अपने नियोजित बेड़ा विस्तार कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त विमान शामिल करने के लिए अन्य लीजदाताओं के साथ भी उन्नत स्तर पर बातचीत चल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित