नयी दिल्ली , जून 08 -- पीक सीजन में अपनी परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने डैम्प लीज पर तीन ए320 विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इन तीनों विमानों के लिए लीज समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है। ये जुलाई में एयरलाइन के बेड़े में शामिल होने वाले हैं।
डैम्प लीज के तहत विमान पट्टे पर देने वाली कंपनी ही पायलट भी देती है, जबकि केबिन क्रू परिचालन करने वाली एयरलाइंस का होता है। विमान के रखरखाव, बीमा आदि की जिम्मेदारी भी विमान देने वाली कंपनी की ही होती है।
स्पाइटजेट ने इसके अलावा हाल ही में एक बोइंग 737 मैक्स विमान को भी सफलतापूर्वक फिर से सेवा में शामिल कर लिया है।
यह अतिरिक्त क्षमता व्यस्त यात्रा सीजन के दौरान एयरलाइंस की नेटवर्क आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार होगी और घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर अधिक परिचालन में अधिक लचीलापन लायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित