मुंबई , अगस्त 06 -- सोनी सब के लोकप्रिय शो 'पुष्पा इम्पॉसिबल' में हाल ही में फ्रेंडली नेबरहुड स्पाइडर-मैन की विशेष मौजूदगी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस खास क्रॉसओवर ने जहां शो में नया रोमांच जोड़ा, वहीं कलाकारों को अपने बचपन के पसंदीदा सुपरहीरोज और उनसे जुड़ी यादों को साझा करने का मौका भी दिया।
शो के कलाकारों ने बताया कि बचपन में किस तरह वे अपने पसंदीदा सुपरहीरोज को देखने के लिए उत्साहित रहते थे और उनकी नकल करते हुए खुद को भी हीरो महसूस करते थे। किसी ने कपड़े को केप बनाकर पहना तो किसी ने सुपरहीरो जैसी कल्पनाओं में अपनी दुनिया बसाई।
शानाया का किरदार निभाने वाली मुस्कान बामने ने कहा कि वह हमेशा से स्पाइडर-मैन की प्रशंसक रही हैं। उन्होंने कहा कि स्पाइडर-मैन का किरदार उन्हें इसलिए पसंद है क्योंकि वह आम लोगों जैसा लगता है। वह युवा, मजाकिया और कभी-कभी अनाड़ी भी होता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद के लिए हमेशा आगे आता है। सेट पर स्पाइडर-मैन की मौजूदगी उनके लिए बचपन की कई यादों को फिर से जीने जैसा अनुभव रहा।
दीप्ति का किरदार निभाने वाली दीक्षा जोशी ने बताया कि वह बैटमैन की बड़ी प्रशंसक रही हैं। उन्होंने कहा कि बैटमैन यह साबित करता है कि हीरो बनने के लिए सुपरपावर की जरूरत नहीं होती, बल्कि साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही इंसान को खास बनाते हैं।
वहीं, राशी का किरदार निभाने वाली अक्षया हिंदालकर ने अपने पसंदीदा सुपरहीरो के रूप में कृष का नाम लिया। उन्होंने कहा कि बचपन में कृष की शक्तियों और लोगों की मदद करने की भावना ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उनके अनुसार, कृष की विनम्रता और दयालुता ही उसे सबसे खास बनाती है।
स्पाइडर-मैन की इस खास मौजूदगी ने 'पुष्पा इम्पॉसिबल' के कलाकारों और दर्शकों को सुपरहीरो की दुनिया से जुड़ी पुरानी यादों को फिर से महसूस करने का मौका दिया।
सोनी सब पर 'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित