दरभंगा , अक्टूबर 10 -- िहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर शनिवार को दरभंगा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) की सभा आयोजित की गई। इसमें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहली बार मिथिला पहुंचे। सभा में राजग के घटक दलों के नेताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए दोनों निर्वाचन क्षेत्रों सहित सभी सीटों पर जीत का दावा किया।सभा में जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी एवं रामचंद्र शाह सहित कई विधायक और राजग के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चार जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं ने भी भाग लिया।

सभा में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजग प्रत्याशी सर्वेश कुमार तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी घनश्याम राय के समर्थन में मतदान करने की अपील की गई। विभिन्न घटक दलों के नेताओं ने आपसी एकता और समन्वय को एनडीए की जीत का आधार बताते हुए सभी सीटों पर विजय का भरोसा जताया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में विकास के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम हुए हैं। कई विश्वविद्यालयों की स्थापना हुई है और शिक्षा के स्तर में सुधार के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विधान परिषद के इस चुनाव में मतदाताओं का समर्थन एनडीए प्रत्याशियों को मिलेगा।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार पहली बार मिथिला की धरती पर पहुंचे हैं। मिथिला आने से पहले उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। उन्होंने मिथिला को ज्ञान और शिक्षा की भूमि बताते हुए कहा कि यहां शिक्षा की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं के पलायन को रोकने को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी कम हो।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के दोनों एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव पर कटाक्ष किया।

निशांत कुमार के पहली बार मिथिला पहुंचने को लेकर सभा में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। राजग नेताओं ने घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल और एकजुटता के बल पर सभी सीटों पर जीत हासिल करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित