नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर लोगों के लिए ऐसे उद्योगों के पक्षधर थे जिनमें स्थायी रोजगार मिलने के साथ ही गांवों का भी कल्याण हो।
श्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को कहा इस महीने देश के कई हिस्सों में नववर्ष सहित अनेक पर्व-त्योहार मनाए गए। कुछ ही दिन बाद नौ मई को 'पोच्चीशे बोइशाख' के अवसर पर गुरुदेव टैगोर की जन्म-जयंती मनाएंगे। गुरुदेव बहु-आयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक महान लेखक और विचारक तो थे ही, उन्होंने कई प्रसिद्ध संस्थानों को भी आकार दिया।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव टैगोर लोगों के लिए ऐसे उद्योगों के पक्षधर थे, जिनमें स्थायी रोजगार मिलने के साथ ही गांवों का भी कल्याण हो। उनके रवींद्र संगीत का प्रभाव आज भी दुनिया-भर में बना हुआ है। मेरे लिए शांति निकेतन की यात्राएं अविस्मरणीय रहीं। यह वही संस्थान है, जिसे उन्होंने पूरे समर्पण भाव से सींचा और संवारा था। उन्हें एक बार फिर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित