हमीरपुर , अप्रैल 15 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन, प्रयास संस्था तथा बीएफआई के सहयोग से संचालित अस्पताल, सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ने 14 अप्रैल को अपनी सफल आठ वर्ष की यात्रा पूरी कर ली।

यह सेवा वर्ष 2018 में हिमाचल प्रदेश के लोगों को घर पर निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गयी थी। इसकी शुरुआत तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स से हुई थी, जो आज बढ़कर 32 यूनिट तक पहुंच चुकी हैं। अब तक यह अभियान आठ जिलों, 26 विधानसभाओं, 7000 से अधिक गांवों, 1008 से ज्यादा पंचायतों और 25,000 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 11,52,681 लोगों को निःशुल्क जांच, दवा और उपचार उपलब्ध करा चुका है।

श्री ठाकुर ने बुधवार को इस मौके पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "2018 में तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट से शुरू हुई सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा आज 32 यूनिट्स के साथ 11,52,681 लोगों तक निःशुल्क जांच, दवा और उपचार पहुंचा चुकी है। उन्होंने कहा कि आठ जिलों, 26 विधानसभाओं, 7000 से अधिक गांवों और 25,000 से ज्यादा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से यह सेवा हिमाचल में जनस्वास्थ्य की मजबूत पहल बनी है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित हेल्थ एटीएम, हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग मशीन जैसी सुविधाओं के जुड़ने से यह अभियान और प्रभावी होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित