रेवाड़ी , मई 06 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने स्थानीय निकायों में बढ़ते भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में शहरों की सफाई व्यवस्था चरमरा गयी है और लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने धारूहेड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोग लंबे समय से परेशान हैं और आसपास के क्षेत्रों की गंदगी यहां डाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य, केंद्र और स्थानीय स्तर पर एक ही सरकार होने के बावजूद जनता के साथ अन्याय हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में प्रॉपर्टी आईडी, टेंडर और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। बड़े आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही, जबकि छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जारहा है।

निकाय चुनाव को लेकर कुमारी सैलजा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित