नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्टैंडर्ड चार्टर्ड के पात्र भारतीय ग्राहक अब सीधे एयर इंडिया के लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत महाराजा क्लब की प्रीमियम सदस्यता ले सकेंगे। यह सुविधा बैंक के बड़े ग्राहकों के लिए है जो आने वाले कुछ सप्ताह में उपलब्ध होगी।

एयर इंडिया और स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने बुधवार को इस साझेदारी की घोषणा की। एयर इंडिया ने बताया कि इसके जरिए विदेशों में रहने वाले भारतीयों को ऐसी यात्रा सुविधाएं और पहुंच मिलेंगी जो उनकी क्रॉस-बॉर्डर जीवनशैली और वित्तीय जरूरतों को पूरा करती हैं। स्टैंडर्ड चार्टर्ड सिंगापुर और यूएई में अपने पात्र 'ग्लोबल इंडियन' ग्राहकों को एयर इंडिया के 'महाराजा क्लब' का गोल्ड या सिल्वर स्टेटस देगा।

एयर इंडिया के महाराजा क्लब स्टेटस में कई खास यात्रा लाभ मिलते हैं। इनमें अतिरिक्त बैगेज अलाउंस, चेक-इन में प्राथमिकता और बोर्डिंग, एयरपोर्ट लाउंज तक पहुंच, अपग्रेड वाउचर और बोनस 'महाराजा पॉइंट्स' शामिल हैं। सिल्वर से गोल्ड टियर तक जाने पर ये लाभ और भी बेहतर होते जाते हैं।

महाराजा क्लब के गोल्ड सदस्यों को 'स्टार एलायंस गोल्ड' स्टेटस भी मिलता है। इससे उन्हें दुनिया भर में एक हजार से अधिक एयरपोर्ट लाउंज तक पहुंच, एयरपोर्ट पर प्राथमिकता वाली सेवाएं, अतिरिक्त बैगेज की सुविधा और एयर इंडिया के अलावा 'स्टार एलायंस' की 25 अन्य सदस्य एयरलाइंस में भी अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं।

एयर इंडिया के जो ग्राहक यूएई या सिंगापुर में स्टैंडर्ड चार्टर्ड के साथ बैंकिंग करते हैं और पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं, उन्हें समर्पित 'रिलेशनशिप मैनेजमेंट' सपोर्ट, बैंक के 'मुख्य निवेश कार्यालय' से बाजार के रुझानों की जानकारी, खास निवेश के निमंत्रण और उनकी क्रॉस-बॉर्डर वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किए गए विशेष वित्तीय समाधान जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित