श्रीगंगानगर , फरवरी 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के पुराने इलाके आजादनगर के सैकड़ों निवासियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने महाराजा गंगासिंह स्टेडियम के पीछे से जाने वाला 25-30 वर्ष पुराना रास्ता तुरंत खोलने की मांग की। स्टेडियम प्रशासन ने कुछ दिन पहले इस रास्ते को लोहे की जाली लगाकर बंद कर दिया था, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
निवासियों ने बताया कि रास्ता बंद होने के बाद अब उन्हें रेलवे पटरी के ऊपर से गुजरना पड़ रहा है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार व्यक्ति रोजाना इस खतरे का सामना कर रहे हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे गंभीर समस्या एम्बुलेंस की है। कॉलोनी में एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती, इसलिए बीमार व्यक्तियों को चारपाई पर डालकर रेलवे पटरी तक लाया जाता है और फिर वहां से एम्बुलेंस या किसी और वाहन में अस्पताल ले जाया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार जिला प्रशासन और नगर परिषद को ज्ञापन दिये थे, लेकिन कोई कार्रवाईनहीं हुई।
आज दोपहर काफी देर तक आजादनगर के महिलाएं, पुरुष और बच्चे जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर रास्ता तुरंत नहीं खोला गया, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे और लंबा धरना देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित