लखनऊ , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रमुख परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत अब तक 12.50 लाख परिवारों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए विशेष टीम गठित करने तथा पात्र परिवारों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में प्रस्तावित नाइट सफारी परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और इसके समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। साथ ही मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब से संबंधित सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में चिकित्सा महाविद्यालयों और होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संस्थानों में फायर एनओसी की अनिवार्य पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फीडरों के प्रदर्शन, ओवरलोडिंग तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सांसद एवं विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों तथा प्रदेश में डिजिटल लाइब्रेरी परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए और प्रत्येक विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने लक्ष्यों को पूरा करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित