चेन्नई , जनवरी 24 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शनिवार को अंशकालिक शिक्षकों, नूनमील और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
श्री स्टालिन ने राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के जवाब में अंशकालिक शिक्षकों के चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए घोषणा की कि स्थायी शिक्षकों की भर्ती के लिए परीक्षाओं में उनके अनुभव के आधार पर विशेष अंक दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में अंशकालिक शिक्षक पिछले तीन सप्ताह से समान काम के लिए समान वेतन और नौकरी को नियमित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकारी आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे और ट्रेजरी बेंच के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनकी घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने यह भी कहा कि अंशकालिक स्कूल शिक्षकों द्वारा मांगी जा रही वेतन वृद्धि की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। यह पहले केवल नियमित शिक्षकों को ही मिलता था।
उंगलुदन स्टालिन योजना के तहत आवेदन करने वाले अतिरिक्त 1.80 लाख लोगों के लिए मासिक पेंशन की घोषणा करने के अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना 4 फरवरी को शुरू की जाएगी।
श्री स्टालिन ने बताया कि लगभग 33.6 लाख वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग व्यक्ति, विधवाएं, खेतिहर मजदूर, किसान और 50 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाएं वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की घोषणा के साथ अतिरिक्त 1.80 लाख लोगों को 4 फरवरी को योजना शुरू होने के दिन से लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित