मुंबई , फरवरी 17 -- स्टार प्लस अब अपना नया शो 'तारा' लेकर आ रहा है, जो एक ताज़ा और भावुक प्रेम कहानी होने वाली है। मेकर्स ने हाल ही में शो का नया प्रोमो रिलीज किया है, जिसने दर्शकों के बीच हलचल बढ़ा दी है। मार्च में शुरू होने वाले इस शो में क्रुशल आहूजा 'युवराज शेखावत' के रोल में और कनिका कपूर 'तारा' के किरदार में नज़र आएंगी। प्रोमो में उनके इमोशनल और रोमांटिक सफर की एक छोटी सी झलक देखने को मिलती है। इसकी शुरुआत होती है तारा से, जो युवराज का बैग पैक कर रही है और मजाक में कहती है कि 'राजा बाबू' दो दिन में दूर चले जाएंगे। तभी युवराज आता है और उसकी चोटिल उंगली देख लेता है। वह बड़े प्यार से उसे डांटता है कि उसने चोट क्यों छिपाई, जिससे साफ पता चलता है कि वह तारा की कितनी परवाह करता है।

बात तब और इमोशनल हो जाती है जब तारा कहती है कि उसे अपने नाम जैसा बिल्कुल महसूस नहीं होता और हर कोई उससे नाराज रहता है। लेकिन, युवराज उसे बड़े प्यार और अपनेपन से संभालता है। वह न सिर्फ उसकी मदद करता है बल्कि उसका मूड ठीक करने की भी कोशिश करता है, जिससे दोनों के बीच एक बहुत ही प्यारा और दिल छू लेने वाला पल बन जाता है। यह सीन उनके बीच की केयर और इमोशनल बॉन्डिंग को बखूबी दिखाता है।

युवराज और तारा की केमिस्ट्री इस प्रोमो की सबसे बड़ी हाईलाइट बन गई है। दर्शकों को उनकी जोड़ी काफी पसंद आ रही है, जो दिखने में तो अच्छी है ही, साथ ही इस प्रेम कहानी में एक सादगी और चमक भी ला रही है। इस नए शो के साथ, स्टार प्लस एक बार फिर एक ऐसी लव स्टोरी लाने की तैयारी में है जो सिंपल, इमोशनल और दिल को छू लेने वाली हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित