मुंबई , अक्टूबर 19 -- टेलीविजन अभिनेत्री अविका गोर स्टार प्लस के नए अलौकिक धारावाहिक 'अप्सरा' में अप्सराओं की रानी के रूप में नजर आएंगी। समुद्र मंथन से प्रेरित इस गाथा में शक्ति, प्रेम, रहस्य और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
मुक्ता धोंड के इस शो की कहानी सुनेहरी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार समीक्षा जायसवाल निभा रही हैं। अमृत की रक्षा और अपनों को बचाने के लिए सुनेहरी बुरी शक्तियों से मुकाबला करती है। शो में पारस कलनावत, अनुष्का मर्चेंडे और अदा खान भी अहम भूमिकाओं में हैं।
अपने किरदार के बारे में अविका ने कहा कि उनके लिए कहानी और किरदार हमेशा प्राथमिकता रहे हैं। इस भूमिका की कई परतों ने उन्हें आकर्षित किया। उनके अनुसार, किरदार में शक्ति और प्रभाव के साथ कमजोरियां भी हैं। इसमें उन्हें रोमांस, एक्शन, भावनात्मक दृश्यों और नृत्य के जरिए अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का अवसर मिला है।
अविका ने बताया कि शो के लिए खास पोशाकों, आभूषणों और साज-सज्जा के जरिए नया रूप अपनाना उनके लिए खास अनुभव रहा। उन्होंने शो की भव्य दुनिया तैयार करने के लिए मुक्ता धोंड और विक्रम घई की सराहना की। अदा खान के साथ काम करने को भी उन्होंने यादगार बताया।
टेलीविजन पर वापसी को लेकर अविका ने कहा कि एक कलाकार के रूप में उन्होंने टेलीविजन से बहुत कुछ सीखा है। यहीं उन्हें खुद को निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि कलाकार चाहे कितना भी आगे बढ़ जाए या अलग-अलग माध्यमों में काम करे, उसे अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए।
'अप्सरा' का प्रसारण 21 अक्टूबर से रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित