लंदन , अप्रैल 10 -- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने देश में तेल और गैस की कीमतों में आये भारी उछाल के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तीखी आलोचना की है और कहा है कि इन दोनों नेताओं के कार्यों और उनसे उत्पन्न वैश्विक अस्थिरता के कारण ब्रिटिश परिवारों और व्यवसायों को ऊर्जा की कीमतों में अस्थिरता का सामना करना पड़ रहा है।

बहरीन की यात्रा के दौरान खाड़ी देशों के नेताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री स्टार्मर ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान से जुड़े हालिया तनाव ने ब्रिटेन की ऊर्जा सुरक्षा की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर अत्यधिक निर्भरता को खतरनाक बताया, जिससे ईंधन की कीमतें अनियंत्रित हो रही हैं। पश्चिम एशिया में संघर्षविराम और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के मुद्दे पर श्री स्टार्मर ने सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि हमें 'इंतजार करो और देखो' की नीति अपनानी होगी, क्योंकि अगले दो-तीन दिनों की स्थिति ही इस समझौते की असली परीक्षा होगी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह इस बात से तंग आ चुके हैं कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में सर्वश्री पुतिन या ट्रंप की हरकतों की वजह से ब्रिटेन के आम नागरिकों का बजट बिगड़ता है।

प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि ब्रिटेन को अपनी ऊर्जा नीति में सुधार करने और बाहरी झटकों से बचने के लिएठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने खाड़ी देशों के नेताओं के साथ ऊर्जा सुरक्षा और वैकल्पिक आपूर्ति मार्गों पर भी चर्चा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित