भुवनेश्वर , नवंबर 07 -- ओडिशा वैश्विक स्टार्टअप जगत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है और इस सिलसिले में इजरायल प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा निवेश के क्षेत्र में संभावित साझेदार के रूप में उभरा है।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सहयोग को शनिवार को भुवनेश्वर के ओ-हब में आयोजित बिजनेस एंड इनोवेशन राउंडटेबल से नया प्रोत्साहन मिला। इस दौरान इजरायली प्रतिनिधियों और निवेशकों ने ड्रोन प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान इजरायली प्रतिनिधियों ने ओडिशा के स्टार्टअप से बातचीत की, उनके नवोन्मेषी उत्पादों को देखा और उद्यमियों को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक एवं प्रौद्योगिकी आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ज्यूइश पीपुल पॉलिसी इंस्टीट्यूट (जेपीपीआई) के सोशल एक्सेलेरेटर के प्रबंध साझेदार गिलाद न्यूमैन ने पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासन (ईएसजी) पहल, निगरानी प्रणालियों और ड्रोन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित किया।

उन्होंने राज्य में स्टार्टअप को समर्थन देने वाली व्यवस्था मजबूत करने और इन्क्यूबेशन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ओ-हब के साथ संभावित साझेदारी पर भी चर्चा की।

इस गोलमेज बैठक का संयुक्त आयोजन स्टार्टअप ओडिशा और राज्य सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग ने किया था। इसका उद्देश्य कारोबारी संबंधों को मजबूत करना और इजरायल तथा ओडिशा के बीच तकनीकी सहयोग के अवसर तलाशना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित