रांची , अक्टूबर 09 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के लाइसेंस को लेकर राहुल गांधी के ट्वीट पर सवाल उठाए हैं। श्री मरांडी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारतीय उद्योगपतियों की आलोचना करने वाले राहुल गांधी विदेशी कारोबारी के समर्थन में खड़े हो रहे हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि भारत के उद्योगपतियों को दिन-रात निशाना बनाने वाले राहुल गांधी अचानक एक विदेशी कारोबारी के प्रति इतने उदार क्यों हो गए हैं? उन्होंने एलन मस्क की ओर से स्टारलिंक के लाइसेंस को लेकर की गई टिप्पणी और उसके बाद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।

श्री मरांडी ने आरोप लगाया कि जिस कंपनी को कांग्रेस पहले खतरे के रूप में देखती थी, आज उसी के पक्ष में राहुल गांधी खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पूंजीपतियों से नहीं, बल्कि भारतीय पूंजीपतियों से परेशानी है।

उन्होंने दावा किया कि भारतीय उद्योगपति देश में लाखों लोगों को रोजगार देते हैं, करों का भुगतान करते हैं और बुनियादी ढांचे के विकास में योगदान करते हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी उन पर निशाना साधते हैं। वहीं, किसी विदेशी अरबपति की ओर से भारत सरकार पर सवाल उठाए जाने पर कांग्रेस नेता उसके समर्थन में आ जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित