नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- ताइवान की प्रमुख विमान सेवा कंपनी स्टारलक्स एयरलाइंस ने इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट को भारत में अपना जनरल सेल्स एजेंट (जीएसए) नियुक्त किया है।

दोनों कंपनियों को ओर से मंगलवार को जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह रणनीतिक सहयोग यात्रियों और व्यापार में उनके सहभागियों को इस बुटीक एयरलाइन के प्रीमियम नेटवर्क तक आसान पहुंच प्रदान करेगा। यह स्टारलक्स की विस्तार रणनीति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इससे देश भर में इसकी ब्रांड उपस्थिति को काफी मजबूती मिलेगी।

ताइवान की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा कंपनी के रूप में स्टारलक्स वर्तमान में ताइवान से यात्रियों को अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, मकाऊ, वियतनाम, थाईलैंड, फिलीपींस, मलेशिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे प्रमुख गंतव्यों से जोड़ती है।

भारत में एयरलाइंस के विस्तार और वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए उसने इंटरग्लोब के साथ करार किया है जो यात्री और मालवहन दोनों सेगमेंट के लिए व्यापक बिक्री, विपणन, वितरण, परिचालन समर्थन और नियामकीय मंजूरियां लेने की जिम्मेदारी संभालेगा। इसमें ब्रांड के बारे में जागरूकता बढ़ाने, यात्रियों की मांग बढ़ाने, व्यापारिक साझेदारी का विस्तार करने और क्षेत्र में कार्गो के अवसर विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित