भोपाल , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। भोपाल में इंटर्न डॉक्टर कमला पार्क की सड़क पर धरने पर बैठे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। विरोध के चलते प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों में इंटर्न डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया, जबकि इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गई हैं।

हमीदिया अस्पताल में इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के कारण ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं। अस्पताल के तीन गेटों में से फिलहाल गेट नंबर-दो खुला है, जबकि अन्य गेट बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी में पहुंचे, लेकिन जूनियर डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण सीनियर चिकित्सकों को अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।

इंदौर के एमवाय अस्पताल में भी इंटर्न डॉक्टरों ने भोपाल में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे तक जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी में सेवाएं दीं, इसके बाद वे प्रदर्शन में शामिल हो गए। फिलहाल सीनियर चिकित्सक मरीजों को देख रहे हैं।

इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने के साथ सोमवार को भोपाल में प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन और लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है। इंटर्न डॉक्टर रिंकू वर्मा ने बताया कि वर्तमान में उन्हें 14,337 रुपये स्टाइपेंड मिल रहा है और इसमें उचित बढ़ोतरी की मांग की जा रही है।

इस बीच उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में अधिकारियों और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ बैठक हुई। उन्होंने बताया कि इंटर्न डॉक्टरों की दोनों प्रमुख मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई है और उनके प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के वापस आने के बाद स्टाइपेंड बढ़ाने के मुद्दे पर दोबारा चर्चा की जाएगी।

इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को देखते हुए भोपाल में कमला पार्क और सीएम हाउस की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सड़क जाम होने से रोशनपुरा से रॉयल मार्केट सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ है और पुलिस ने कई स्थानों पर डायवर्जन किया है।

वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और स्वास्थ्य मंत्री से आंदोलनरत डॉक्टरों से स्वयं बातचीत करने की मांग की। उन्होंने सीएम हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित