भीलवाड़ा , जून 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर पुलिस ने रविवार रात एक स्कॉर्पियो से करीब 296 किलो अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद किया।

थानाधिकारी लोकपाल सिंह ने बताया कि मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि पीपलूंद की ओर से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार में अवैध डोडा- चूरा की भारी खेप ले जाई जा रही है। इस पर पुलिस ने तुरंत भूतेश्वर महादेव के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर दुतरफा नाकाबंदी लगा दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची, लेकिन पुलिस जाप्ते को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय बैरिकेड को टक्कर मारते हुए उसे तेज गति से दौड़ा दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने बिना वक्त गंवायें तस्करों के वाहन का पीछा शुरू किया, तो तस्कर गाड़ी को जहाजपुर होते हुए बारहदेवरा की तरफ ले गये। पुलिस द्वारा लगातार पीछा किये जाने से घबराकर चालक और उसका साथी बारहदेवरा के आगे एक क्रेशर संयंत्र के पास जंगल में ही स्कॉर्पियो को लावारिस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए ओझल हो गये। पुलिस ने देर रात तक पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन घने जंगलों के कारण उनका पता नहीं चला।

उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो की तलाशी ली गयी तो उसमें छुपाकर रखे गए 15 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 296 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित