एम्स्टर्डम , अगस्त 01 -- नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने अपने पद से इस्तीफ दे दिया है। उनकी जगह बास डे लीड को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। नये कप्तान डे लीड सीडब्ल्यूसी लीग 2 के बाकी मुकाबलों से अपनी कप्तानी पारी की शुरुआत करेंगे। एडवर्ड्स ने जून 2022 में कप्तानी संभाली थी और शुक्रवार को यूट्रेक्ट चरण में खेले गए सीडब्ल्यूसी लीग 2 मुकाबलों के साथ उनका कार्यकाल खत्म हो गया। इस दौरान उन्होंने 56 वनडे में नीदरलैंड्स की कप्तानी की।

टीम के साथ साझा किए गए एक वीडियो में एडवर्ड्स ने अपने साथियों से कहा, "माफ कीजिए, मैं यह बात अचानक बता रहा हूं। मैंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। इस बारे में मैं (पूर्व मुख्य कोच) रयान कुक और कुछ अन्य लोगों से काफी समय से बात कर रहा था। मुझे लगा कि यही सही समय है। मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के तौर पर मेरे पास टीम को देने के लिए अभी बहुत कुछ है और आगे मेरा पूरा ध्यान उसी पर रहेगा। यह एक बहुत खास टीम है और मुझ पर भरोसा है कि हमारा भविष्य शानदार होगा। मैं नहीं चाहता था कि यह फैसला सीरीज के दौरान टीम का ध्यान भटकाए। पिछले चार सालों में आप सभी ने मेरे और टीम के लिए जो किया, उसके लिए मैं दिल से धन्यवाद देता हूं। ऑरेंज जर्सी पहनना मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात रही है और आने वाले सालों में भी मैं इसे पहनने का इंतजार कर रहा हूं।"जून 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के पहले मैच के बाद एडवर्ड्स ने पीटर सीलार की जगह कप्तानी संभाली थी। उनकी कप्तानी में नीदरलैंड्स ने 56 वनडे में 24 जीत दर्ज कीं, जबकि 29 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। उनकी कप्तानी की सबसे यादगार जीतें 2023 वनडे विश्व कप में आईं, जब नीदरलैंड्स ने धर्मशाला में साउथ अफ्रीका और कोलकाता में बांग्लादेश को हराकर सबको चौंका दिया था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी एडवर्ड्स का कार्यकाल सफल रहा। उन्होंने अपने 86 T20 इंटरनेशनल मैचों में से 50 में कप्तानी की। उनके नेतृत्व में नीदरलैंड्स ने 2022 टी-20 विश्व कप में पहले जिम्बाब्वे और फिर साउथ अफ्रीका को हराया था। दक्षिण अफ्रीका उस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

29 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज एडवर्ड्स की जगह अब 26 साल के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर बास डे लीड कप्तानी संभालेंगे। उन्हें नीदरलैंड्स के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में मिलता जाता है। नई ज़िम्मेदारी मिलने के बाद डे लीड ने एडवर्ड्स की जमकर तारीफ की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित