एडिनबर्ग , अगस्त 10 -- क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (केएनसीबी) ने पुरुषों के वनडे वर्ल्ड कप के फ़ॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा किये गये हालिया बदलावों की जानकारी नहीं मिलने पर निराशा व्यक्त करते हुए संयुक्त बयान जारी इन बदलावों की आलोचना की है। दोनों बोर्डो की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों बोर्ड ने अन्य एसोसिएट सदस्यों के साथ मिलकर आईसीसी से दो बार बैठक की और बदलावों के बारे में आधिकारिक लिखित जानकारी के साथ-साथ इस प्रक्रिया के बारे में और स्पष्टता की मांग की। उन्होंने कहा कि दूसरी बैठक के दो हफ़्ते से ज़्यादा समय बीत जाने के बाद भी आईसीसी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। यह "निराशाजनक" और "अनादरपूर्ण" है।
बयान में कहा गया है, "ऐसे समय में जब क्रिकेट अपनी पहुंच बढ़ाना चाहता है, नए दर्शकों को आकर्षित करना चाहता है और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है, उभरते देशों के लिए अहम मौकों को कम करना पूरी तरह से गलत संदेश देता है।"बोर्ड ने यह भी कहा कि अहम फैसले, खासकर वे जो सीधे तौर पर एसोसिएट सदस्यों को प्रभावित करते हैं, उनसे सलाह-मशविरा करने और "पर्याप्त सूचना" देने के बाद ही लिए जाने चाहिए ताकि उनके असर को अच्छी तरह समझा जा सके। इन बदलावों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की अखंडता और विश्वसनीयता कमजोर होने का खतरा है, और यह मजबूत गवर्नेंस, पारदर्शी निर्णय लेने की प्रक्रिया और सदस्यों के साथ प्रभावी जुड़ाव के महत्व को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, "सदस्य और उनके खिलाड़ी वर्ल्ड कप की तैयारी में सालों लगाते हैं, और उन रास्तों पर भरोसा इस बात पर निर्भर करता है कि बिना सलाह-मशविरे के क्वालिफिकेशन साइकिल के बीच में उन्हें बदला न जाए। कम समय में उन ढांचों को बदलने से काफी अनिश्चितता पैदा होती है, योजना में बाधा आती है, और उन संगठनों पर अतिरिक्त ऑपरेशनल और वित्तीय दबाव पड़ता है जो पहले से ही सीमित संसाधनों के साथ काम कर रहे हैं।"पिछले महीने शुरू किए गए वनडे वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट में टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 14 कर दी गई है, लेकिन इसमें चार राउंड भी शामिल हैं, जिसमें ग्रुप स्टेज से पहले राउंड-रॉबिन "सुपर सीरीज़" होगी। 12, 13 और 14 नंबर की टीमों में से दो टीमें राउंड 2 में आगे बढ़ेंगी, जिससे एक टीम तुरंत बाहर हो जाएगी।
नीदरलैंड और स्कॉटलैंड दोनों ही वर्ल्ड कप क्वालिफायर में पहुंच गए हैं, जो फरवरी 2027 में खेला जाना है। इसके लिए जगह अभी तय नहीं हुई है। वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बदलाव से तुरंत चिंताएं पैदा हो गई हैं, खासकर इसलिए क्योंकि अगला संस्करण अगले साल अक्टूबर में शुरू होने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित