सिरसा , अप्रैल 11 -- हरियाणा के सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव रामपुरा ढिल्लों में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आयी, जहां स्कूल से घर लौट रहे नौ वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने करीब पांच मिनट तक बच्चे को बुरी तरह नोचा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि राजकीय प्राथमिक स्कूल से छुट्टी के बाद रामलाल का पुत्र कर्ण घर लौट रहा था, तभी अचानक कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। बच्चे के शरीर के कई हिस्सों हाथ पैर, मुंह गर्दन सीना और सिरपर गहरे जख्म आये हैं। राहगीरों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह बच्चे को कुत्तों से छुड़ाया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव के सरपंच रविल सिंवर ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। स्कूल के पास हड्डा रोड़ी होने के कारण 40-50 कुत्तों का झुंड रहता है जो पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने प्रशासन से कुत्तों को पकड़कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित