श्रीगंगानगर , अगस्त 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में स्थित बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक सर्वजीतसिंह सरां और स्कूल प्रबंधन समिति के खिलाफ मंगलवार को लापरवाही का मामला दर्ज होने के बाद बालक दिव्यांश (आठ) के शव का पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र मेहरा की शिकायत के आधार पर स्कूल संचालक सर्वजीतसिंह सरां और बाल भारती स्कूल समिति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक शिंभूदयाल करेंगे।

भूपेंद्र मेहरा ने बताया कि उसके दो बेटे दिव्यांश और चंद्रवीर बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हैं। प्रबंधक द्वारा स्कूल खेल प्रैक्टिस के लिए शाम को स्कूल में बुलाया जाता है। सोमवार शाम उसके बच्चों को खेल प्रैक्टिस के लिए बुलाया गया था। दिव्यांश और चंद्रवीर स्कूल गए। खेल प्रैक्टिस के दौरान दिव्यांश पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास गया। उसने वाटर कूलर को जैसे ही हाथ लगाया, उसे जोरदार करंट लगा जिससे वह अचेत हो गया। स्कूल स्टाफ दिव्यांश को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार भूपेंद्र ने बताया है कि उसके बेटे चंद्रवीर ने विगत शनिवार को स्कूल स्टाफ को वाटर कूलर में करंट होने के बारे में बताया था, लेकिन स्कूल प्रबंधकों ने लापरवाही की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित