भिण्ड , नवंबर 04 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र में बुधवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चालक ने बस पीछे की तो वह पिछले पहिये की चपेट में आ गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भिण्ड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने बस जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा गोहद क्षेत्र के बिरखड़ी गांव के पास हुआ। गांव निवासी विशंभर शर्मा की 11 वर्षीय बेटी दीप्ति सनग्लो स्कूल में पढ़ती थी। बुधवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सनराइज स्कूल लिखी बस वहां पहुंची। चालक ने बस को पीछे करना शुरू किया, लेकिन पीछे खड़ी बच्ची पर उसकी नजर नहीं पड़ी और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़ लिया तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीण स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक की लापरवाही को लेकर नाराजगी जता रहे थे। सूचना मिलने पर गोहद चौराहा थाना प्रभारी विकास सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया और दुर्घटना में शामिल बस जब्त कर ली। छात्रा के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी विकास सिंह तोमर ने बताया कि बस के दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक निजी स्कूलों की बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित हो रही हैं। कई बसें जर्जर हालत में हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित