बेमेतरा , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को एक स्कूल बस की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना खंडसरा चौकी क्षेत्र के बंसापुर-सेमरिया गांव के पास हुई। डीएवी स्कूल जांता की बस ने तीन साल के बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक और कंडक्टर बस को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं बच्चे की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर खंडसरा चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही फरार बस चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित