भरतपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के करौली में सूरौठ के बयाना रोड पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह एक निजी स्कूल की बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि धंधावली से 12 से अधिक बच्चों को लेकर सूरौठ की तरफ आ रही प्राइवेट स्कूल की बस ने बिजली के पोल से टकराने के बाद सामने से आ रही मोटरसाइकिल मे टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल सवार राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधावली के हेडमास्टर भूरी सिंह मीना (58) की मौके पर ही मौत हो गयी। मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद बस सड़क किनारे पलट गई जिससे बस में सवार बच्चों को मामूली खरोंचें आईं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सूरौठ थाना पुलिस ने शव को हिंडौन जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित