बैतूल , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घोड़ाडोंगरी विकासखंड के सारणी क्षेत्र के कुछ शासकीय और निजी विद्यालयों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कथित सदस्यता अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी ने आपत्ति जताई है। पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम जोन प्रभारी अजय सोनी ने आरोप लगाया कि कुछ सदस्य विद्यालय परिसरों में पहुंचकर विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के लिए गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
श्री सोनी ने दावा किया कि सारणी नगर पालिका क्षेत्र के अलावा कुछ ग्रामीण इलाकों के विद्यालयों में भी इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में विद्यालयों के प्राचार्यों की मौजूदगी में अभियान चलाए जाने की बात भी सामने आई है।
आप नेता ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के स्कूली विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक अथवा छात्र संगठन की सदस्यता दिलाने से पहले शासन के आदेश और शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है। विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के केंद्र हैं। ऐसे में विद्यालय परिसरों में होने वाली किसी भी गैर-शैक्षणिक गतिविधि में निर्धारित नियमों का पालन किया जाना चाहिए।
श्री सोनी ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर विद्यालयों में ऐसी गतिविधियों को लेकर लागू नियमों की जानकारी भी देंगे।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में नियम विरुद्ध गतिविधियां संचालित किए जाने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के साथ-साथ अनुमति देने या प्रोत्साहित करने वाले अधिकारियों एवं प्राचार्यों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। आप ने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित