अलवर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कुछ अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करके उनकी गिरफ्तारी तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि दर्ज मामले में जो आरोप लगाए गए हैं उनकी पुष्टि की जा रही है। सुश्री रघुवंशी ने बताया कि इस मामले के लिए एक विशेष जांच दल बनाकर उसमें तकनीकी कर्मचारियों को शामिल किया गया है। इस दल का नेतृत्व राजगढ़ पुलिस उपाधीक्षक मनीषा मीना करेंगी। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी से मिले मोबाइल की जांच करने बाद उसमें पीड़िता के फोटो के अलावा किसी के फोटो नहीं मिले हैं।

उल्लेखनीय है कि कक्षा 11 की 15 वर्षीय छात्रा के साथ उस समय सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जब वह सुबह स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी में सवार आरोपी उसे जबरन उठाकर एक अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां एक कमरे में तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर उसे बदनाम करने की धमकी दी।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जब पीड़िता को वापस छोड़ने आए, तो वहां जमा भीड़ को देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। इस मामले में दो नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करके इस घटना की निंदा की है। श्री गहलोत द्वारा ट्वीट करने के बाद इस मामले में पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित