छिंदवाड़ा , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने स्कूल के ग्राउंड में एमडी ड्रग्स बेचने पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.05 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर, दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.24 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक सागरपेशा प्राथमिक शाला के ग्राउंड में एमडी ड्रग्स बेचने पहुंचे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और फैजान पिता एजाज खान (27), निवासी बैल बाजार तथा जैद फराज पिता अब्दुल जमील (25), निवासी हुसैन नगर को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 8.05 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर, दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने जब्त सामग्री की कीमत करीब 2.24 लाख रुपये आंकी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एमडी ड्रग्स नागपुर निवासी बाबू उर्फ मारुक खान से खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस अब ड्रग्स की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और स्थानीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बैल बाजार क्षेत्र में सक्रिय संभावित एमडी ड्रग्स नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

स्कूल ग्राउंड में नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए युवकों के पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन लोगों तक फैला है और एमडी ड्रग्स की आपूर्ति किस माध्यम से छिंदवाड़ा तक पहुंच रही थी। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उप निरीक्षक रंजीत धुर्वे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित