भरतपुर , सितम्बर 11 -- राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा की लेदिया ग्राम पंचायत के खेड़ा गांव में शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के मुख्य द्वार के सामने लंबे समय से गंदे पानी के भराव और कीचड़ की समस्या से नाराज होकर प्रदर्शन करते हुए स्कूल के द्वार पर ताला लगा दिया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए तुरंत जल निकासी और स्थायी समाधान की मांग की है। गांव में घरों से निकलने वाला और बारिश का गंदा पानी लंबे समय से मुख्य मार्ग पर इकट्ठा है। इससे सड़क पर कीचड़ हो गया है और लोगों को आने-जाने और छात्रों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
दोपहिया वाहन सवारों को भी इस रास्ते से निकलने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि कीचड़ में फिसलने से लोग आये दिन चोटिल भी होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित