संभल, अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के असमोली क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान एक निजी स्कूल का छज्जा गिर जाने से मलबे में दबकर एक छात्र की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि थाना असमोली के अंतर्गत के ग्राम मदाला फतेहपुर में स्थित अलहसनैन पब्लिक स्कूल में शनिवार को ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे थे। बच्चे स्कूल के छज्जे पर चढ़कर सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे तथा छज्जे के नीचे भी बच्चे खड़े थे। बच्चों का वजन ज्यादा होने के कारण अचानक से छज्जा भर भराकर गिर गया और छज्जे के नीचे खड़े बच्चे छज्जे के मलबे में दब गए।
मलबे में दब जाने से मोहम्मद नईम के आठ वर्षीय बेटे निजामुद्दीन की मौत हो गई जबकि सैफ अली और सैदाना घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएम अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई तथा बीएसए अलका शर्मा आदि अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। घायलों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित