रायपुर , सितंबर 08 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को राज्य की शिक्षा व्यवस्था और सड़कों की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को आंदोलन करना पड़ रहा है।

श्री बैज ने आज राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि शैक्षणिक सत्र शुरू हुए चार महीने हो चुके हैं लेकिन कई स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। उन्होंने दावा किया कि 24 से अधिक स्थानों पर विद्यार्थी स्कूल भवन, किताब-कॉपी और शिक्षकों की कमी जैसी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने सरगुजा के शिवपुर स्थित एकलव्य विद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में तीन महीने से बिजली नहीं है, मेस में भोजन की व्यवस्था ठीक नहीं है और शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रदेश की सड़कों की स्थिति पर श्री बैज ने कहा कि राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर, सरगुजा और जशपुर तक कई सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में न पर्याप्त नई सड़कें बनाईं और न ही नियमित मरम्मत पर अपेक्षित ध्यान दिया, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए श्री बैज ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक अध्यक्षों और जिला मास्टर ट्रेनरों के संभागीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बस्तर के बाद दुर्ग संभाग का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और अगले चरण में बिलासपुर, सरगुजा तथा रायपुर संभाग में प्रशिक्षण होगा। इसके बाद मंडल और बूथ समितियों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना है।

प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत की नियुक्ति पर श्री बैज ने कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत करने के साथ सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई तेज की जाएगी। उन्होंने निवर्तमान प्रभारी सचिन पायलट के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संगठन सृजन अभियान तथा विभिन्न जनमुद्दों पर पार्टी ने सक्रियता से काम किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित