श्रीगंगानगर , अगस्त 13 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में गुरुवार को दोपहर एक निजी स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर पहुंचाने जा रही कैंपर गाड़ी के पलटने से 16 बच्चे घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैंपर गाड़ी में शिव बाल विद्या मंदिर स्कूल के करीब 40 बच्चे सवार थे। इनमें से 11 को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर भेजा गया। तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि स्कूल ने बच्चों के आवागमन के लिए कैंपर की व्यवस्था कर रखी हैं। ज्यादातर बच्चे देवासर गांव और आसपास की चक-ढाणियों के रहने वाले हैं। दाेपहर में घटना पूगल कस्बे और इंदिरा गांधी नहर की 682 आरडी के बीच एक पैट्रोल पंप के पास चलती कैंपर का अचानक टायर फट गया। इससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई।
घायल बच्चों को तुरंत पूगल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बीकानेर भेजा गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचने लगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित