बिलासपुर , जून 28 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को स्कूटी से बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

श्री साव ने मंगल स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों, बिलासपुर कन्वेंशन सेंटर, राम सेतु तथा अशोक नगर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को समय पर बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित