नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- देश के पहले समर्पित सीप्लेन ऑपरेटर स्काईहॉप एविएशन ने भारत और व्यापक रूप से दक्षिण एशियाई क्षेत्र में इलेक्ट्रिक सीप्लेन के संचालन की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए नार्वे की कंपनी नोएमी एयरोस्पेस के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

स्काईहॉप एविएशन ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एमओयू के तहत स्काईहॉप अपने बेड़े में नोएमी के इलेक्ट्रिक सीप्लेन को शामिल करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करेगा। दोनों कंपनियां भारत में इलेक्ट्रिक सीप्लेन संचालन की तकनीकी, परिचालन, व्यावसायिक और नियामकीय व्यवहार्यता का संयुक्त रूप से अध्ययन करेंगी।

स्काईहॉप ने वित्त वर्ष 2030 तक 40 विमानों तक का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी अपने बेड़े में 20-25 प्रतिशत तक इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड सीप्लेन शामिल करने का विकल्प लेकर चल रही है। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2030 तक खरीद, लीज या दोनों के संयोजन के माध्यम से 10 तक नोएमी विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने की है। उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर कंपनी वित्त वर्ष 2030 के बाद अतिरिक्त पांच नोएमी विमानों तक के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

स्काईहॉप एविएशन की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अवनि सिंह ने कहा कि देश में सीप्लेन की संभावनाएं केवल एक गंतव्य को दूसरे से जोड़ने तक सीमित नहीं हैं। विशाल समुद्र तट, द्वीप, नदियां और झीलें ऐसे क्षेत्रों को जोड़ने के तरीके में बुनियादी बदलाव ला सकती हैं, जहां पारंपरिक हवाई अड्डे का बुनियादी ढांचा बनाना मुश्किल या अव्यावहारिक है। इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड विमान इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं, खासकर छोटी क्षेत्रीय उड़ानों के लिए। उन्होंने बताया कि कंपनी भविष्य में देश में ही इन विमानों के निर्माण एवं असेंबली की संभावनाओं पर भी विचार करेगी।

नोएमी एरोस्पेस के संस्थापक एवं सीईओ एरिक लिथुन ने कहा, "हम देख रहे हैं कि भारत सीप्लेन रणनीति को वास्तविकता में बदलने के लिए प्रयास कर रहा है। यह एक मजबूत बाजार की शुरुआत है। सरकार की महत्वाकांक्षा मजबूत है, नये सीप्लेन मार्गों के लिए एक बड़ा कार्यक्रम है और अब स्काईहॉप अपने बेड़े के निर्माण की तैयारी कर रहा है। हमें स्काईहॉप के साथ मिलकर भारत में बन रही इस गति पर बहुत गर्व है।"स्काईहॉप के परिचालन का पहला चरण लक्षद्वीप के द्वीपों को आपस में और मुख्य भूमि से जोड़ने पर केंद्रित होगा। कंपनी की योजना 19-सीटर ट्विन-ऑटर सीप्लेन के जरिये परिचालन शुरू करने की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित