भीलवाड़ा , जुलाई 24 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया थाना क्षेत्र में आंट गांव स्थित एक सौर संयंत्र परिसर से अज्ञात बदमाश करीब पांच हजार मीटर लंबा ताम्बे का तार काटकर ले गये।
चोरी गये तार की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बतायी जा रही है। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गये।
संयंत्र प्रबंधक प्रभुलाल धाकड़ ने पुलिस को बताया कि रात में सुरक्षा गार्ड नियमित निगरानी के बाद अपने क्वार्टर चला गया था। इसी दौरान बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह निरीक्षण के दौरान तार नदारद मिले, जिसके बाद चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाकर बदमाशों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित