नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- दिल्ली की एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी।
श्री दास और श्री रांका को प्रतिबंधित प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर में कथित रूप से तिरंगा लहराने के लिए 13 अक्टूबर को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
प्रदर्शन स्थल के रूप में जंतर-मंतर के दर्जे को पहले ही रद्द कर दिया गया था। श्री दास और श्री रांका ने अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर एहतियातन रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने सोमवार की सुनवाई में उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग की। अदालत ने इसे मंजूरी देते हुए उनकी हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित