राजनांदगांव , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पिछले दिनों सामने आए संगठनात्मक विवाद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार रात शहर मंडल का पुनर्गठन करते हुए सौमित्र सोनी को अध्यक्ष नियुक्त किया है। विनय बंसल और अमित बोस को मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की नई संगठनात्मक व्यवस्था ऐसे समय में सामने आई है, जब डोंगरगढ़ शहर मंडल में पिछले करीब दो महीने से संगठनात्मक स्तर पर उठापटक चल रही थी। गत 27 जुलाई को शहर मंडल के 111 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इस्तीफा देने वालों में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर से जुड़े वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी तथा सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे।
इसके बाद भी इस्तीफों का क्रम जारी रहा और करीब दो दर्जन से अधिक अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी इससे जुड़े। बाद में यह संख्या 136 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी।
संगठन में बढ़े विवाद के बीच प्रदेश भाजपा ने छह अगस्त को डोंगरगढ़ शहर मंडल इकाई को भंग कर दिया था। इसके साथ ही प्रिंस कक्कड़, अनिल पांडेय, वीरेंद्र साहू, संतोष राव और परविंदर सिंह मोंटी को पार्टी से निष्कासित किया गया था। इसके बाद से शहर मंडल के नए गठन की प्रतीक्षा की जा रही थी।
नव नियुक्त शहर मंडल अध्यक्ष सौमित्र सोनी डोंगरगढ़ भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और संगठन में सक्रिय रहे स्व. चमन सोनी के पुत्र हैं। संगठन ने उनके साथ विनय बंसल और अमित बोस को महामंत्री बनाकर नई टीम को जिम्मेदारी सौंपी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित