(मोहाली) , मई 06 -- पंजाब में मोहाली के सोहाना क्षेत्र में देर रात गुरुद्वारा माता साहिब कौर गुरुद्वारा के नजदीक बेअदबी का मामला सामने आने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सड़क किनारे गुटका साहिब के फटे हुए अंग बिखरे मिले, जिससे लोगों में भारी रोष फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सिख जत्थेबंदियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी वहां एकत्र होने लगे। सूचना मिलने पर डीएसपी हरसिमरन सिंह बल मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। श्रद्धालुओं ने सम्मानपूर्वक गुटका साहिब के अंगों को एकत्र किया।
घटना की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सिंह शहीदां गुरुद्वारे के बाहर एकत्र हो गये और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बेअदबी करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाये और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उनकी पहचान की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित