महराजगंज , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के साथ सोहगीबरवा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और प्रशासन की ओर से संचालित राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी निचलौल को सोहगीबरवा क्षेत्र की तीनों ग्राम पंचायतों में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के साथ संभावित जलजनित और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक स्तर पर छिड़काव कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने तीनों ग्राम पंचायतों में वृहद सर्वे कराकर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सोहगीबरवा में मेडिकल टीम तैनात करने तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के लिए चारे आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
श्री सोगरवाल ने कहा कि ग्रामीणों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लगातार कार्य करें। उन्होंने कम्युनिटी किचन का संचालन जारी रखने और प्रभावित लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, पानी लगातार कम हो रहा है और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की टीमें क्षेत्र में लगातार कैंप कर आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराती रहेंगी तथा एक सप्ताह के भीतर जनजीवन सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रेम सागर पटेल ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण क्षेत्र को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन लगातार प्रभावित लोगों के बीच मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब चार हजार लोगों को राशन किट और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है तथा आगे भी जरूरत के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम लगातार सक्रिय है और सभी संबंधित कर्मियों को राहत कार्य प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। सफाईकर्मियों से लेकर स्वास्थ्यकर्मियों तक सभी लोग सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान विधायक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अन्य अधिकारियों के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित