श्रीगंगानगर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के नयी मंडी घडसाना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया में टिप्पणी से उपजी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि चक 4-एनएम में सोमवार को करीब सात बजे अपने खेत में मूंग फसल की कटाई कर रहे राहुल बिश्नोई पर मोटरसाइकिल पर आये दो युवकों में से एक ने तेज धारवाले चाकू से बेतहाशा वार किये जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नयी मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार बाद उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। राहुल को देर रात बीकानेर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गयी। राहुल के भाई वकीलराम बिश्नोई की शिकायत पर इसी गांव के एक युवक सचिन भांभू, उसके एक अज्ञात साथी और सचिन के पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि सचिन को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि सचिन और राहुल में कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गयी थी। रविवार को राहुल और उसके दो साथियों ने सचिन से मारपीट की। इसके प्रतिशोध में सचिन ने राहुल की हत्या कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित