पटना , जुलाई 17 -- ाज्यभर में अपराधियों को दबोचने का व्यापक अभियान तेजी पुलिस ने चला रखा है। इसमें जो अपराधी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ रहे हैं, उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के अलावा आगे की कार्रवाई तेजी से शुरू हो गई है। अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था एवं कमजोर वर्ग) श्रीमती के सुहिता अनुपम ने पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि इस वर्ष 11 से 20 जुलाई तक चलाए गए विशेष कुर्की अभियान के तहत 2 हजार 125 कुर्की का निष्पादन किया गया है।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर फोटो डालने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर सोशल मीडिया सेंटर एवं साइबर क्राइम एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) की तरफ से चौबीस घंटे सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग की जा रही है।

एडीजी ने बताया कि इस वर्ष 01 मई से 14 जुलाई तक सोशल मीडिया पर हथियार लहराने से जुड़े मामले में 102 एफआईआर दर्ज की गई और 130 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 40 हथियार भी जब्त किए गए हैं। सर्वाधिक कांड दर्ज कर कार्रवाई करने वाले जिलों में पटना, नवगछिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी और मोतिहारी शामिल है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक या जातिय टीका-टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने एवं व्यक्ति विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या वायरल वीडियो से संबंधित 514 मामले चिन्हित करते हुए कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इसमें 243 मामलों पर कार्रवाई की जा चुकी है, शेष पर कार्रवाई जारी है।

एडीजी ने कहा कि डायल-112 के तहत अब रिस्पांस टाइम 10 मिनट हो गया है। इससे अपराध नियंत्रण को काफी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं का अब चरित्र वेरिफिकेशन कर प्रमाण-पत्र देने की व्यवस्था ऑनलाइन हो गई है। इसके लिए सीसीटीएनएस से थानों के अलावा संबंधित वेबसाइट को जोड़ा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित