चंडीगढ़ , मई 26 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव ने शराब ठेकेदारों के साथ बैठक कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी लाइसेंस धारक ने सोशल मीडिया पर शराब के प्रचार-प्रसार या डिस्काउंट ऑफर का विज्ञापन किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्री यादव ने कहा कि पिछले काफी समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शराब पर छूट और विशेष ऑफर के प्रचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। बैठक के दौरान सभी ठेकेदारों और लाइसेंस धारकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिये गये।
प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि शराब की बिक्री और प्रचार से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त निशांत यादव ने कहा कि अगर भविष्य में इस तरह का कोई मामला सामने आता है, तो संबंधित लाइसेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंस धारकों पर कितनी सख्ती दिखाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित