शहडोल , जून 05 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में यातायात पुलिस के एक आरक्षक को बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहने तथा वर्दी में निजी लाभ के लिए वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने यातायात पुलिस में पदस्थ आरक्षक विवेकानंद तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरक्षक पिछले 15 दिनों से अनुपस्थित चल रहा था।
सूत्रों ने बताया कि आरक्षक पर वर्दी धारण कर निजी लाभ के उद्देश्य से वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित करने का आरोप है, जो पुलिस रेगुलेशन-64 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है। मामले में विभागीय कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित